हिमाचल प्रदेश: Apple State
हिमाचल प्रदेश भारत के उत्तरी भाग में पश्चिमी हिमालय में स्थित ग्यारह पहाड़ी राज्यों में से एक है, जो अपने मनमोहक सौंदर्य, अद्भुत सुंदरता से परिपूर्ण शिमला, कुल्लू, मनाली जैसे पर्यटन स्थल और आकर्षक जगहों के लिए जाना-जाता है। हिमाचल प्रदेश में सेबों का उत्पादन काफी ज्यादा होता है जिसकी वजह से इसे Apple State of India के रूप में भी जाना जाता है।
एक राज्य के रूप में हिमाचल प्रदेश की स्थापना 25 Jan 1971 ई० को भारत के 18वें राज्य के रूप में हुई थी। इससे पहले ये एक केंद्र शासित प्रदेश था, जिसकी स्थापना 15 Apr 1948 में हुई थी। उत्तराखंड की तरह इसकी भी दो राजधानियां हैं- पहली राजधानी शिमला है, जिसे ग्रीष्मकालीन राजधानी कहते हैं और दूसरी राजधानी धर्मशाला है, जिसकी घोषणा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने 19 Jan 2017 को हिमाचल प्रदेश की शीतकालीन राजधानी के रूप में की थी।
हिमाचल प्रदेश की सीमा पूर्व में तिब्बत (चीन) से, दक्षिण-पूर्व में उत्तराखंड से, दक्षिण में उत्तर प्रदेश और हरियाणा से, पश्चिम में पंजाब से, पश्चिम-उत्तर में जम्मू-कश्मीर से और उत्तर में लद्दाख से लगी है। हिमाचल प्रदेश का शीतल वातावरण, सुरम्य प्राकृतिक दृश्य, रंगीन संस्कृति, ऐतिहासिक एवं मनमोहक दर्शनीय पर्यटन स्थल और विभिन्न प्रकार के मेले-त्योहार और समारोह बेहद खास हैं। इस प्रदेश को भी उत्तराखंड की तरह देव भूमि के रूप में भी जाना जाता है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण तथ्य
- हिमाचल प्रदेश का क्षेत्रफल 55,673 वर्ग किमी है।
- 2011 की जनगणना के अनुसार हिमाचल प्रदेश की कुल जनसंख्या 68,64,602 तथा लिंगानुपात 972 था।
- हिमाचल प्रदेश में जनसंख्या घनत्व 123 व्यक्ति प्रति वर्ग किमी है।
- हिमाचल प्रदेश में कुल साक्षरता दर 83.78% है, जिसमे पुरुषों की साक्षरता 90.83% तथा महिलाओं की 76.60% है।
- पूर्ण राज्य के रूप में इसकी स्थापना 25Jan 1971 को हुई थी।
- इसकी ग्रीष्मकालीन राजधानी शिमला तथा शीतकालीन राजधानी धर्मशाला है।
- हिमाचल प्रदेश में कुल 12 जिले हैं।
- शिमला इस राज्य का सबसे बड़ा नगर है।
- हिंदी हिमाचल प्रदेश राज्य की आधिकारिक भाषा है। इसके अलावा यहां की मुख्य भाषाएं – हिंदी, डोगरी, कांगड़ी और पहाड़ी हैं।
- यह राज्य भारत के सबसे हरे भरे राज्यों में से एक है जिसमे 37,033 वर्ग किलोमीटर का वन क्षेत्र है, जो इस राज्य की कुल भूमि का 66.52% है।
- हिमाचल प्रदेश सात पहाड़ियों के बीच बसा है, इसीलिए इसे लोकप्रिय रूप से पहाड़ियों की रानी कहा जाता है।
- हिमाचल प्रदेश का राज्य पशु हिम तेंदुआ है।
- हिमाचल प्रदेश का राज्य फल सेब है।
- हिमाचल प्रदेश का राज्य खेल वालीबॉल है।
- हिमाचल प्रदेश का राज्य वृक्ष देवदार है।
- हिमाचल प्रदेश का राज्य पक्षी पश्चिमी त्रागोपन है।
- हिमाचल प्रदेश का राज्य फूल गुलाबी रोडोडेंड्रोन है।
- यहां पुरुषों की पारंपरिक ड्रेस धोती- कुर्ता, कोट, वेस्टकोट, पगड़ी, हाथ का तौलिया, चूड़ीदार पायजामा, लांग कोट है।
- हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक नृत्य दांगी, छनक छम, नाती, छाम नृत्य, डँड्रस इत्यादि हैं।
- हिमाचल प्रदेश में शिमला, मनाली, डलहौजी, चंबा, धर्मशाला और कुल्लू जैसे हिल स्टेशन घरेलु और विदेशी पर्यटकों के बीच काफी प्रसिद्ध है।
- राज्य साहसिक पर्यटन गतिविधियों जैसे शिमला में आइस स्केटिंग, कुल्लू में राफ्टिंग, बिर्बिलिंग और सोलांग घाटी में पैराग्लाइडिंग, मनाली में स्कीइंग, बिलासपुर में बोटिंग और राज्य के विविध भागो में ट्रेकिंग और घुड़सवारी के लिए भी प्रसिद्ध है। लाहौल में स्पीती घाटी 3000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और साहसिक पर्यटकों के लिए यह एक महत्वपूर्ण गंतव्य है। इस क्षेत्र में एशिया के प्राचीनतम बौद्ध मठ भी हैं।
- हिमाचल प्रदेश को देश का फ्रूट बाउल (फल का कटोरा) कहा जाता है जो जम्मू-कश्मीर के बाद देश में सेब का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक है।
- हिमाचल प्रदेश का भोजन भी ज्यादातर उत्तरी भारतीयों की ही तरह है। उनके पास भी मसूर, शोरबा, चावल, सब्जियाँ और ब्रेड है।
- तंबाकू पर प्रतिबंध लगाने के बाद जुलाई 2013 से हिमाचल प्रदेश भारत का पहला धूम्रपान मुक्त राज्य बन गया है।
- हिमाचल प्रदेश 100% COVID वैक्सीनेशन वाला भारत का प्रथम राज्य है।
- हिमाचल प्रदेश अपने नागरिकों को 100% LPG गैस कनेक्शन देने वाला प्रथम राज्य है।
- तिब्बत से निकलने वाली सतलज नदी भारत में हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में शिपकीला दर्रे से प्रवेश करती है।
- हिमाचल प्रदेश दालचीनी की संगठित खेती शुरू करने वाला प्रथम भारतीय राज्य है।
- हिमाचल प्रदेश के काजा में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए विश्व का सबसे ऊंचा चार्जिंग स्टेशन बना है।
- हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति को मनाली से जोड़ने वाली 9.02 km लंबी दुनिया की सबसे लंबी हाइवे टनल (सुरंग) ‘अटल टनल‘ भी हिमाचल प्रदेश में स्थित है।
- हिमाचल प्रदेश नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य है।
- हिमाचल प्रदेश पूरी तरह से डिजिटल कैबिनेट अर्थात E- कैबिनेट वाला देश का प्रथम राज्य है।
- भारत का सबसे ऊंचा स्काई साइकिलिंग ट्रैक भी हिमाचल प्रदेश के मनाली में बनाया गया है।
- हिमाचल प्रदेश में सुरंग के अंदर देश का पहला रेलवे स्टेशन बनेगा।
- हिमाचल प्रदेश अखिल भारतीय स्तर पर आपात प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली (ERSS) के अंतर्गत अखिल भारतीय एकल आपात नंबर ‘112’ की शुरूआत करने वाला देश का पहला राज्य है।
- हिमाचल सरकार ने 2 अक्टूबर 2009 से गैर-बायोडिग्रेडेबल से बने सभी प्रकार के पॉलिथीन बैग के उत्पादन, भंडारण, उपयोग, बिक्री और वितरण पर प्रतिबंध लगा दिया है।
- हिमाचल प्रदेश लगभग सभी घरों में शौचालय है और राज्य को 100% स्वच्छता हासिल है।
- इंडिया भ्रष्टाचार अध्ययन 2017 के एक सर्वेक्षण के अनुसार, केरल के बाद हिमाचल प्रदेश भारत का दूसरा सबसे कम भ्रष्ट राज्य होने का खिताब रखता है।
- हिमाचल का वातावरण काफी स्वच्छ है। 2 जुलाई 2013 को हिमाचल प्रदेश को देश का पहला धुआं मुक्त राज्य घोषित किया गया था। यहां सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान निषिद्ध है।
- सोलन को मशरूम उत्पादन के लिए ‘मशरूम सिटी‘ के रूप में जाना जाता है। यह एशिया में सबसे तेजी से बढ़ते पहाड़ी शहर में से एक है।
- चंबा जिले में स्थित खजियार को भारत का मिनी स्विट्जरलैंड कहा जाता है।
- कसोल हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू में एक गाँव है, जिसे “मिनी इज़राइल” के नाम से भी जाना जाता है।
- हिमाचल में चैल क्रिकेट मैदान दुनिया का “सबसे ऊंचा क्रिकेट ग्राउंड” है।
- धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम दुनिया के सबसे खूबसूरत क्रिकेट स्टेडियमों में से एक है।
- हिमाचल प्रदेश सिंधु और गंगा नदी दोनों को पानी प्रदान करता है।
- लाहौल में शिगरी ग्लेशियर एशिया का सबसे बड़ा ग्लेशियर है।
- मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग दुनिया में सबसे अधिक मोटर सक्षम सड़क है।
- हिक्किम हिमाचल प्रदेश के लाहौल एवं स्पीति जिले का एक गाँव है, जिसमें दुनिया का सबसे ऊँचा “डाकघर” और “मतदान केंद्र” है।
- हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं, जबकि लोकसभा की सीटें 4 तथा राज्यसभा की 3 हैं।
- हिमाचल के प्रथम मुख्यमंत्री – यशवंत सिंह परमार।
- हिमाचल के प्रथम राजपाल – श्री एस.चक्रवती।
- हिमाचल प्रदेश एक पहाड़ी राज्य है इसका अधिकांश क्षेत्र धौलाधर रेंज की तलहटी पर स्थित है।
- हिमाचल प्रदेश की सबसे ऊंची पर्वत चोटी रेओ पुर्जिल है जो समुद्र तल से 6,816 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है।
- हिमाचल प्रदेश में कुल 5 राष्ट्रीय उद्यान हैं – [ग्रेट हिमालयन राष्ट्रीय उद्यान, कुल्लू, 1984], [पिन वैली राष्ट्रीय उद्यान, लाहौल एवं स्पीति, 1987], [इंदर किला राष्ट्रीय उद्यान, कुल्लू, 2010], [खिरगंगा राष्ट्रीय उद्यान, कुल्लू, 2010], [सिंबलबारा राष्ट्रीय उद्यान, सिरमौर, 2010]
- हिमाचल प्रदेश अपनी खूबसूरती और प्राकृतिक परिदृश्यो के साथ साथ अपनी कला और शिल्प के लिए भी जाना जाता है जो इसकी समृद्ध संस्कृति को दर्शाते हैं।
- हिमाचल प्रदेश की कला और शिल्प काफी प्रभावशाली हैं जिसे चित्रों, हथकरघा उत्पादों, लकड़ी और धातु उत्पादों में सबसे अच्छा देखा जा सकता है।
- पहाड़ी पेंटिंग के रूप में प्रसिद्ध हिमाचली कला को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों दोनों से प्रशंसा मिली है।
- पश्मीना शॉल यहां का एक ऐसा प्रोडक्ट है, जिसकी न केवल हिमाचल में बल्कि पूरे देश में बहुत मांग है।
- रंगीन हिमाचली टोपी भी हिमाचली लोगों की प्रसिद्ध कला कृति है।
- टोकरी बुनाई यहां के स्थानीय लोगों के शिल्प कौशल का एक और सुंदर उदाहरण है।
- हिमाचल प्रदेश के लोगो के घरेलू उत्पादों में लकड़ी के खिलौने, ट्रे, बर्तन, मूर्तिकला, लाठी जैसे अन्य कई कलाकृतियाँ भी शामिल हैं।